आगरा। गर्मी के कहर और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आगरा नगर निगम ने शहरवासियों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा शहर के 20 प्रमुख स्थानों पर प्याऊ लगाए जाएंगे, जहां शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन स्थानों की निगरानी और संचालन स्वयंसेवी संस्थाओं की महिलाओं को सौंपा जाएगा।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि इस योजना पर इसी सप्ताह कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम का प्रयास है कि ऐसे स्थानों का चयन किया जाए जहां पानी की अनवरत (लगातार) व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।
—–प्याऊ लगने वाले संभावित स्थान—-
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहे, बाजार क्षेत्र, धार्मिक स्थलों के पास, और प्रमुख अस्पतालों के बाहर।
——फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों का भी रखा गया ध्यान—-
नगर निगम ने फील्ड में कार्यरत अपने कर्मचारियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। प्रत्येक प्याऊ स्थल पर ओआरएस पाउडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ज़रूरत पड़ने पर कर्मचारी वहीं से ओआरएस प्राप्त कर सकें और लू व डिहाइड्रेशन से स्वयं को सुरक्षित रख सकें।
—भीषण गर्मी में क्या करें और क्या न करें—
इन दिनों शहर का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लू लगने और डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण) का खतरा बढ़ गया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा के अनुसार ऐसे में सावधानी बरतनी जरूरी है —-
—–लू से बचने को क्या करें—–
— धूप में निकलने से पहले छाता, टोपी या गमछा जरूर साथ रखें।
— पानी, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी जैसे तरल पदार्थ भरपूर मात्रा में लें।
–हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
—- दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। घर के बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
क्या न करें—–
—-खाली पेट धूप में न निकलें।
—- बहुत ठंडे पेय पदार्थों का अचानक सेवन न करें।
—–तेज धूप में काले या भारी कपड़े न पहनें।
——अधिक तैलीय और भारी भोजन से बचें।
—–शरीर में पानी की कमी न होने दें
