
आगरा। मंडल में आज दिनांक 29.01.2026 को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF) द्वारा “वंदे मातरम्” थीम के अंतर्गत एक भव्य बैंड परफॉर्मेंस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल की अध्यक्षता में तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आगरा श्री पी. राज मोहन के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रणव कुमार सहित मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी एवं अन्य रेल अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यात्रियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
रेल सुरक्षा बल की प्रशिक्षित बैंड टीम द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने स्टेशन परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। यात्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
बैंड टीम में लक्ष्मीकांत कुशवाहा (बैंड इंचार्ज – ट्रम्पेट), धन सिंह (ट्रम्पेट), मणिकांत मिश्रा (क्लारिनेट), राजेश कुमार पटवारी (क्लारिनेट), गुंजन कुमार भारती (यूफोनियम), मुजफ्फर खान (टेनर ट्रॉम्बोन), निखिल कुमार (टेनर ट्रॉम्बोन), धर्मेन्द्र कुमार यादव (सिम्बल), वीरेन्द्र कुमार यादव (बेस ड्रम) एवं अंकित पांडेय (साइड ड्रम) शामिल रहे।
बैंड टीम द्वारा वंदे मातरम्, संदेशे आते हैं (फिल्म–बॉर्डर), दिल दिया है जान भी देंगे (फिल्म–कर्मा), तेरी मिट्टी में मिल जावां (फिल्म–केसरी), कदम कदम बढ़ाए जा, ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम, सारे जहाँ से अच्छा, मेरा मुल्क मेरा देश मेरा ये वतन, जय हो तथा ऐ मेरे वतन के लोगों जैसी देशभक्ति धुनों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रेल सुरक्षा बल द्वारा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया , जिसका मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल द्वारा अवलोकन किया गया ।
इस प्रकार का आयोजन यात्रियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करने के साथ-साथ सकारात्मक एवं जन-मैत्रीपूर्ण छवि को भी सुदृढ़ करता है।
