——– नगर आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई, मनोहरपुर में शिफ्ट होगा कूड़ा संग्रहण केंद्र
आगरा। कमला नगर स्थित वार्ड 87 कर्मयोगी एंक्लेव के पास बने कूड़ाघर को नगर निगम प्रशासन ने दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। लंबे समय से इस कूड़ाघर से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले हजारों लोग परेशान थे। स्थानीय निवासी लगातार इसे हटाने की मांग कर रहे थे। अब नगर निगम ने उनकी मांग पर कार्रवाई करते हुए कूड़ाघर को मनोहरपुर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि आबादी के बीच स्थित कूड़ाघर से उठने वाली बदबू और गंदगी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने वैकल्पिक स्थान का निरीक्षण किया और कूड़ाघर को मनोहरपुर में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि मनोहरपुर में इसके लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर लिया गया है। वहां आधुनिक व्यवस्था के तहत पीसीटीएस (Portable Compactor Transfer Station) विकसित किया जाएगा, जिससे कूड़ा खुले में नहीं पड़ेगा और वैज्ञानिक तरीके से उसका संग्रहण एवं परिवहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यक तैयारियां पूरी होते ही कूड़ाघर को नए स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से कर्मयोगी एंक्लेव एवं आसपास की कॉलोनियों के हजारों निवासियों को दुर्गंध और गंदगी से राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
वर्जन::::::
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। जहां भी कूड़ा संग्रहण केंद्रों से आमजन को असुविधा हो रही है, वहां आवश्यकतानुसार उनका पुनर्स्थापन कर आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित न हो और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी भी न उठानी पड़े।


