फर्जी जमानत लेकर फरार 25 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, आगरा पुलिस ने प्रयागराज में दबिश देकर दबोचा

Crime

आगरा: ताजनगरी की जगदीशपुरा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी गैंगस्टर अशोक उर्फ उमाशंकर उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने न केवल संगीन अपराधों को अंजाम दिया था, बल्कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अदालत से जमानत लेकर कानून को चुनौती भी दी थी।

फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड

गैंगस्टर अशोक (पुत्र जंग बहादुर उर्फ जंगली यादव) ने अपने मूल मुकदमों में फर्जी जमानती पेश कर न्यायालय से जमानत हासिल की थी। जमानत मिलते ही वह फरार हो गया और पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी पहचान छिपाकर रहने लगा। उसने अपना नाम और पता बदलकर कानून की पकड़ से बचने का पूरा इंतजाम कर लिया था।

प्रयागराज में पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक

थाना जगदीशपुरा पुलिस ने अभियुक्त की तलाश में जाल बिछाया। सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी प्रयागराज में अपने परिवार के साथ छिपकर रह रहा है। बिना समय गंवाए पुलिस टीम ने प्रयागराज में दस्तक दी और गंगा धीमी पुल क्षेत्र से आरोपी को धर दबोचा।

​आपराधिक इतिहास और कार्रवाई

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ जगदीशपुरा थाने में लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस अब उन लोगों की कुंडली खंगाल रही है जिन्होंने उसे फर्जी जमानत दिलाने में मदद की थी। पुलिस का कहना है कि गुमराह करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *