—- चार्जिंग को आने वाली बसों के कारण क्षतिग्रस्त हो रहा है फुटपाथ
— सीएम ग्रिड से बनने वाली सड़क को भी देखा
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित जेपी होटल के पास चार्जिंग के लिए आने वाली इलेक्ट्रिक बसों को अब फुटपाथ पर खड़ा नहीं किया जा सकेगा। बसों के खड़े होने से फुटपाथ के क्षतिग्रस्त होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस पर तत्काल रोक लगाते हुए सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में फुटपाथ पर बसें खड़ी न हों।
नगर आयुक्त ने कमिश्नर कार्यालय से रमाडा होटल तक चल रहे विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रमाडा होटल के पास स्थित श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण को लेकर भी नगर आयुक्त ने कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस स्थल का व्यवस्थित विकास किया जाए ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नगर निगम जोनल कार्यालय से कलाकृति तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। फतेहाबाद रोड पर पीएनसी होटल के बगल में खाली पड़े प्लाट में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने भूमि स्वामी को नोटिस जारी कर दो दिन में सफाई कराने और टीडीआई माल के पास ग्रीन बैल्ट की सफाई व शराब के ठेके के आसपास गंदगी पर ठेका स्वामी पर जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश जेड एस ओ ताजगंज महेंद्र सिंह और एस एफआई योगेंद्र कुशवाहा को दिए।
नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड के अंतर्गत बसई मंडी से इंदिरापुरम और इंदिरापुरम से अमर होटल के बीच चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। कार्य के दौरान बंद की गई सड़क से आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने मार्ग को फिर से मोटरेबल बनाने, लोगों को काम के प्रति जागरूक करने के लिए होर्डिंग लगाने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान मानकों और गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह, अवर अभियंता कृष्ण गोपाल, जोनल स्वच्छता अधिकारी ताजगंज महेंद्र सिंह एवं एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


