
आगरा। ओवरलोडिंग में पकड़े गए एक वाहन से जीएसटी विभाग की टीम ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पालीथिन बरामद की है। वाहन से कुल 82 बैग प्रतिबंधित पालीथिन मिली। प्रत्येक बैग में लगभग 25 किलोग्राम पालीथिन भरी हुई थी। यह वाहन पालीथिन का माल लेकर गुजरात जा रहा था।
जीएसटी विभाग द्वारा पालीथिन पकड़े जाने की सूचना तत्काल नगर निगम प्रशासन को दी गई। सूचना के आधार पर नगर निगम की ओर से एसएफआई प्रदीप गौतम ने प्रवर्तन दल के साथ जयपुर हाउस स्थित जीएसटी विभाग पहुंचकर पालीथिन को विधिवत जब्त किया।
नगर निगम द्वारा जब्त की गई प्रतिबंधित पालीथिन को निगम परिसर में लाकर नियमों के अनुसार नष्ट कराया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक के परिवहन के उल्लंघन के तहत वाहन चालक से ₹25,000 का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित पालीथिन के भंडारण, परिवहन एवं उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे पालीथिन का उपयोग न करें और नगर को स्वच्छ व पर्यावरण-संरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें।
