
आगरा मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ
रेलवे बोर्ड एवं उत्तर मध्य रेलवे, मुख्यालय प्रयागराज के निर्देशों के अनुपालन में आगरा मंडल में आज सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम के अंतर्गत मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने मंडल कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में सतर्कता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुशासन को मजबूत बनाने के साथ-साथ संगठन की कार्यक्षमता एवं विश्वसनीयता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने के प्रति जागरूक करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) शैलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरुण सिंह तोमर, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी मोहन लाल मेघवाल, सचिव/डीआरएम ,सहायक कार्मिक अधिकारी नितिन सिंह एवं बी.डी. अहिरवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


