आगरा, 15 दिसंबर। रविवार कल सुबह जब आम आदमी ठंड से बचने के लिए रजाइयों में दुबका हुआ था उस दौरान नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी और स्वयं सेवी संस्थाओं के लोग प्लॉगरन करते हुए यमुना की सफाई करने में जुटे हुए थे। बेलनगंज स्थित यमुना आरती स्थल पर यमुना तलहटी से भारी मात्रा में पॉलिथीन एकत्रित की गई। मौका विश्व चाय दिवस का था तो चाय की चुस्कियां के बीच यमुना की स्वच्छता और संरक्षण पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे हैं लोगों ने यमुना के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर अपने-अपने विचार भी रखे।
नगर निगम ने स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत यमुना स्वच्छता अभियान का आयोजन यमुना आरती स्थल पर किया था। इस विशेष पहल का उद्देश्य यमुना घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करना और जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व अपर नगर आयुक्त एस.पी. यादव ने किया, जबकि इसका समन्वय सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम द्वारा किया गया। स्वच्छता अभियान में 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान प्लॉगिंग करते हुए प्रतिभागियों ने 983 किलोग्राम कचरे को यमुना घाट से हटाकर प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा। इस प्रकार से कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित करने से न केवल घाटों की स्वच्छता में सुधार हो रहा है बल्कि यमुना नदी के संरक्षण के प्रति जन जागरूकता भी बढ़ रही है। कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वच्छ भारत मिशन अवधेश यादव, प्रभारी जेड एस ओ छत्ता आशुतोष वर्मा एस एफआई संजीव यादव के अलावा संवेदना डेवलपमेंट सोसाइटी के स्वयं सेवको ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में नगर निगम इस अभियान की सफलता में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।