आगरा,6 जून। नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट आफ इंडिया ( एनयूजेआई) का राष्ट्रीय सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगरा में होने जा रही है। जिसके संयोजक प्रमोद गोस्वामी हैं। सम्मेलन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे। वे सात जून को सुबह लखनऊ से हेलीकाप्टर द्वारा चलेंगे और सुबह 11 बजे खेरिया सिविल एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से कार द्वारा 11.15 बजे जेपी सभागार डा. भीमराव अंबेडकर विवि खंदारी कैंपस पहुंचेंगे। जहां नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स आफ इंडिया के राष्ट्रीय सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। सम्मेलन के पश्चात 12.30 बजे आगरा सर्किट हाउस के लिये प्रस्थान कर जाएंगे, जहां भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। दो बजे खेरिया एयरपोर्ट से फिरोजाबाद में पुलिस लाइन स्थित हैलीपेड के लिये प्रस्थान कर जाएंगे।
इस बीच सम्मेलन के पहले दिन यानी कि 6 जून को अपराह्न तीन बजे समारोह का उद्घाटन होगा। जिसके मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह होंगे। जबकि सात जून को सुबह 11 बजे आयोजन की शुरूआत होगी। जिसमें केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल , विधायक एत्मादपुर डा. धर्मपाल सिंह और कुलपित प्रो. आशुरानी विशिष्ट अतिथि होंगी।
समारोह में एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी, प्रदीप तिवारी महासचिव एनयूजेआई, कोषाध्यक्ष डा. अरविंद सिंह मौजूद रहेंगे। आयोजन में देश भर के 25 राज्य इकाईयों के दो सौ से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। श्री गोस्वामी ने बताया कि सम्मेलन के प्रमुख बिंदुओं में मीडिया से जुड़े मुद्दों पर चर्चा, पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा पर विचार विमर्श, संगठनात्मक मजबूती, संगठनात्मक चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होगी।
आयोजन समिति में सुरेंद्र दुबे अध्यक्ष एनयूजेआई उत्तर प्रदेश, द्विजेंद्र महासचिव उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त अजेंद्र चौहान, पीयूष शर्मा, केपी सिंह एनयूजेआई आगरा के जिलाध्यक्ष, दिलीप सुराना महासचिव जिला आगरा, नितिन श्रीवास्तव सचिव आगरा, सचिन श्रीवास्तव उपाध्यक्ष आगरा हैं। ताज प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुनयन शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार लाखन सिंह बघेल, वरिष्ठ पत्रकार राजेश मिश्रा ने स्थानीय पत्रकारों से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है।


