पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब ‘लीक’ होने पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, स्पेशल सेल ने दर्ज की FIR; राहुल गांधी के ‘कॉपी’ लहराने पर मचा था बवाल

National

नई दिल्ली। पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अभी तक अप्रकाशित संस्मरण (Memoir) पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ (Four Stars of Destiny) के लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्पेशल सेल ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि बिना आधिकारिक मंजूरी और प्रकाशन के इस किताब की ‘प्री-प्रिंट कॉपी’ और PDF सार्वजनिक प्लेटफॉर्म्स पर कैसे पहुंची।

सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच

पुलिस ने सोशल मीडिया और समाचार वेबसाइटों पर चल रही उन खबरों का संज्ञान लिया है जिनमें किताब के अंश साझा किए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि पेंगुइन रैंडम हाउस द्वारा तैयार की गई इस पुस्तक की एक PDF कॉपी कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है, जबकि कुछ ऑनलाइन पोर्टल्स इसे ‘बिक्री के लिए उपलब्ध’ दिखा रहे हैं। रक्षा मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों से इस किताब के प्रकाशन के लिए अभी तक औपचारिक मंजूरी (Clearance) मिलना बाकी है।

राहुल गांधी और संसद में ‘हंगामा’

इस मामले ने तब राजनीतिक तूल पकड़ा जब पिछले सप्ताह संसद परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कथित तौर पर इस किताब की एक कॉपी लहराते हुए देखा गया था। इस घटना के बाद संसद में जबरदस्त हंगामा हुआ, जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई और बजट सत्र के शेष समय के लिए विपक्षी दलों के आठ सांसदों को निलंबित कर दिया गया।

स्पेशल सेल की रडार पर प्रकाशक और वेबसाइट्स

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह ब्रीच कहाँ से हुआ। क्या यह किसी तकनीकी सेंधमारी का नतीजा है या इसे जानबूझकर सार्वजनिक किया गया? पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि क्या अप्रकाशित किताब के अंशों का सार्वजनिक होना सैन्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *