घने कोहरे की चपेट में दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी, विजिबिलिटी बेहद कम, येलो अलर्ट जारी

National

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत देश के अधिकांश उत्तरी इलाकों में घना कोहरा और बढ़ता प्रदूषण जनजीवन पर भारी पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, फिरोजाबाद सहित कई जिलों में कोहरे की मोटी चादर छाई हुई है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले तीन दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

दिल्ली-एनसीआर में हालात सबसे खराब

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में घने कोहरे के साथ प्रदूषण ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सुबह के समय पालम और सफदरजंग जैसे इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सुबह 5 से 8 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की है। इसी को ध्यान में रखते हुए येलो अलर्ट लागू किया गया है, ताकि लोग दुर्घटनाओं से बच सकें।

पश्चिमी यूपी भी कोहरे की गिरफ्त में

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी कोहरे का असर साफ नजर आ रहा है। आगरा और फिरोजाबाद में घने कोहरे के कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। सुबह और देर रात वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेल और हवाई यातायात पर असर

कोहरे के चलते दो दर्जन से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कई ट्रेनें छह से आठ घंटे तक लेट बताई जा रही हैं, जबकि कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली से उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा की ओर जाने वाले रेल मार्ग पर कोहरे का सबसे ज्यादा असर देखा गया है। वहीं, दर्जनों उड़ानें रद्द होने से हवाई यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

तीन दिन तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक घना कोहरा बने रहने की संभावना है। कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से नीचे रह सकती है। इसका सीधा असर दैनिक जनजीवन के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था पर पड़ता रहेगा।

ठंड के साथ प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किल

पिछले 24 घंटों में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कोहरे के साथ प्रदूषण की चादर जमी रही। 18 दिसंबर को दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले की तुलना में अधिकतम तापमान में चार डिग्री से अधिक की गिरावट आई है।

एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 19 दिसंबर को दिल्ली का औसत एक्यूआई 346 दर्ज किया गया। राजधानी के 14 इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया। पटपड़गंज में एक्यूआई 470 रिकॉर्ड किया गया, जिससे हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। धीमी हवाएं और घना कोहरा प्रदूषण को और गंभीर बना रहे हैं।

मौसम में आगे क्या बदलाव?

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक घने कोहरे की परत फैली हुई है। अगले दो-तीन दिनों तक प्रदूषण से राहत की संभावना कम है। हालांकि 20 से 22 दिसंबर के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में बारिश और हरियाणा, पंजाब व राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की उम्मीद है। दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं और 22 दिसंबर के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *