एसएन मेडिकल कॉलेज की शिकायत पर निगम का बड़ा एक्शन, हेल्प आगरा व मोती कटरा रोड तिकोनिया से अतिक्रमण हटाया

Press Release उत्तर प्रदेश

—- ठेला-खोमचा हटते ही खुला रास्ता, निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

आगरा। शहर के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान एस एन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य की शिकायत पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को हेल्प आगरा और मोती कटरा रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में ठेला-खोमचा संचालक व अस्थायी दुकानदारों ने आनन-फानन में अपना सामान समेट लिया।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण, विशेष रूप से हेल्प आगरा और मोती कटरा रोड तिकोनिया पर ठेला-खोमचा और अन्य अवैध कब्जों के कारण मरीजों, तीमारदारों और आम नागरिकों को हो रही भारी परेशानी को लेकर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को अवगत कराया था। शिकायत में बताया गया था कि सड़क किनारे अनियंत्रित ढंग से लगे ठेलों और अस्थायी दुकानों के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और आपातकालीन सेवाओं को भी प्रभावित होना पड़ रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए ठेला-खोमचे, अवैध दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। कई स्थानों पर चेतावनी के बावजूद दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए उनका सामान जब्त की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और नागरिकों को सुविधा देने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने दुकानदारों और ठेला संचालकों को निर्धारित स्थानों पर ही व्यापार करने की हिदायत दी, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे मरीजों और एंबुलेंस को भी परेशानी होती थी। वहीं, दुकानदारों में कार्रवाई को लेकर असंतोष भी देखा गया, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनहित सर्वोपरि है और नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *