संविधान दिवस : नगर निगम ने बच्चों में जगाई नागरिक कर्तव्यों की भावना

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर आगरा नगर निगम की ओर से शहर के कई विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में चले इन आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में संविधान, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति समझ विकसित करना रहा। इसके अलावा नगर निगम परिसर में नगर आयुक्त और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने संयुक्त रूप से निगम कर्मियों और अधिकारियों को संविधान के प्रति नागरिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई।
स्कूलों में कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक कर्तव्यों और भारतीय लोकतंत्र की बुनियादी मूल्यों के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और दैनिक जीवन में नागरिक जिम्मेदारियों को निभाने के महत्व पर चर्चा की।
विद्यालयों में आयोजित इंटरैक्टिव सत्रों में विद्यार्थियों को न केवल अधिकारों के बारे में बताया गया, बल्कि यह भी समझाया गया कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, कूड़ा पृथक्करण और हरित वातावरण के प्रति प्रेरित किया। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रश्न पूछे और “स्वच्छ आगरा” अभियान में सहयोग का संकल्प लिया। नगर निगम का कहना है कि बचपन में संविधानिक मूल्यों का संस्कार देना ही भविष्य में एक जागरूक और जिम्मेदार समाज की नींव रखता है।कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन एवं नगर निगम की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *