यमुना को स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ चला सफाई अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

नगर निगम और रिवर कनेक्ट ने मिलाया हाथ
कर- सुबह हाथों में फावड़ा, झाड़ू और कचरा बैग लेकर यमुना तलहटी में उतरे सैकड़ों लोग

आगरा। नगर निगम आगरा और यमुना रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को यमुना आरती स्थल के समीप यमुना की तलहटी में एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अल सुबह शुरू हुए इस अभियान में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर यमुना को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। सफाई अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं इंडिया राइजिंग, संस्कृति फाउंडेशन और एक पहल संस्था के वालंटियर्स, क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हाथों में फावड़ा, झाड़ू, दस्ताने और कचरा इकट्ठा करने के लिए बैग लेकर यमुना की तलहटी में उतर पड़े। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य ठोस अपशिष्ट को एकत्रित किया गया। बाद में इन्हें कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से निस्तारण केंद्र भेजा गया।

इस अभियान की विशेष बात यह रही कि इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, यमुना रिवर कनेक्ट के मार्गदर्शक बृज खंडेलवाल, क्षेत्रीय पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, अनुज शर्मा,भरत शर्मा के अलावा पवन गुप्ता और महंत जुगल किशोर जैसे तमाम अन्य गणमान्य जन इस अभियान का हिस्सा बने। साथ ही बड़ी संख्या में यमुना भक्तों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई नहीं, बल्कि आम जनता को यमुना नदी की पवित्रता और पर्यावरणीय महत्व के प्रति जागरूक करना भी रहा। अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से यमुना की स्वच्छता बनाए रखने हेतु प्रयासरत रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *