आगरा, 20 जून। राजगनर स्थित नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन का आज विस्तार कर दिया गया। मेयर हेमलता दिवाकर ने इसका लोकार्पण किया। ट्रांसफर स्टेशन का विस्तार होने के बाद जहां नगर निगम को हजारों रुपये के डीजल की रोजना बचत होगी वहीं कूड़ा कलेक्शन करने वाले वाहन अधिक से अधिक कूड़ा एकत्रित कर सकेंगे।
नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने राजनगर ट्रांसफर स्टेशन से संबद्व लोहामंडी, शाहगंज, अलबतिया, आजमपाड़ा और खेरिया मोड़ तक के विस्तृत क्षेत्र को देखते हुए इसके विस्तार के निर्देश दिये थे। विस्तारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद आज महापौर हेमलता दिवाकर ने इसका लोकार्पण कर दिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि इस ट्रांसफर स्टेशन की क्षमता में वृद्वि होने के बाद अब डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले वाहन अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक चक्कर काट कर कूड़ा एकत्रित कर सकेंगे। उन्हें ट्रांसफर स्टेशन पर वाहन खाली करने के लिए भी इंतजार नहीं करना होगा। यहां पर कॉम्पेक्टर की संख्या में वृद्वि हो जाने से कम चक्कर लगाकर ही वाहन अधिक से अधिक कूड़े को खत्ताघर तक पहुंचा सकेंगे। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव, प्रभारी स्वच्छ भारत मिशन एवं पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण सह प्रभारी स्वच्छ भारत मिशन सुदेश यादव सीएसएफआई परमानंद सिंह स्वच्छता कारपोरेशन के प्रोजेक्ट हेड रामकृष्ण के अलावा कार्यदाई संस्था नेचर ग्रीन के प्रोजेक्ट हेड धीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।


