आगरा.25.02.2026. मुख्य विकास अधिकारी आगरा श्रीमती प्रतिभा सिंह द्वारा कम्पोजिट विद्यालय कलवारी विकास खण्ड बिचपुरी आगरा का निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा विदेश मंत्रालय जापान सरकार के सहयोग से जापानी संस्था आर्टिक एवं भारतीय संस्था सेंटर फॉर अरवन एण्ड रीजनल एक्सीलेंस (क्योर) के द्वारा कराए जा रहे विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं स्थापित की गयी कई आधुनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सीडीओ आगरा द्वारा संस्था के स्तर से विद्यालय में समस्त कक्षाएं, जिन्हें स्मार्ट क्लास रूम में बदला गया है, का अवलोकन किया गया। तदोपरान्त उनके द्वारा विद्यालय परिसर में स्थापित की गयी गंदे पानी को उपचारित कर पुनः उसे पीने के प्रयोग में लाए जाने वाली प्रणाली (डी-वॉट), वर्षा जल संचयन प्रणाली एवं वर्षा जल रिचार्ज प्रणाली के बारे में जाना। तदोपरान्त सीडीओ द्वारा विद्यालय परिसर में तैयार की गयी नव निर्मित बहुउद्देशीय बिल्डिंग में स्थापित कम्प्यूटर क्लास रूम एवं संगीत क्लास रूम का निरीक्षण किया। संस्था के सदस्यों एवं विद्यालय प्रधानाध्यापक श्री सुरेश खिरवार द्वारा बताया गया कि विद्यालय में अध्ययनरत समस्त बच्चों को टाइम टेबिल के आधार पर कम्प्यूटर की शिक्षा एवं संगीत शिक्षा दी जा रही है, जिमसें विद्यालय के कई बच्चों में छिपी प्रतिभा भी उभर कर आयी है। उन्होंने यह भी बताया कि संगीत कक्षा के माध्यम से समय-समय पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इसके उपरान्त उनके द्वारा विद्यालय परिसर में स्थापित आई०टी०सी० लैब एवं 05 किलोवॉट का स्थापित सोलर पैनल के बारे में भी जानकारी ली।
विद्यालय परिसर में ही बच्चों के लिए पार्क में लगे झूलों का मुआयना किया। प्रधानाध्यापक द्वारा बताया गया कि विद्यालय परिसर में शिक्षक/शिक्षिकाओं की ओर से समय-समय पर वृक्षारोपण कार्यक्रम किया जाता है एवं विशेष दिवस जैसे विश्व शौचालय दिवस, बाल दिवस, गांधी जयंती इन अवसरों पर विद्यालयों के अध्यापकों व संस्था द्वारा व्यवहार परिवर्तन की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्र/छात्राओं को जागरूक किया जाता है। इसके साथ ही सीडीओ द्वारा विद्यालय में निर्मित किए जा रहे नवीन रसोईघर, बॉयज गर्ल्स एवं दिव्यांग बच्चों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालयों का भी अवलोकन किया गया।
श्रीमती प्रतिभा सिंह मुख्य विकास अधिकारी आगरा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि संस्था एवं विभाग के द्वारा संयुक्त प्रयास से विद्यालय में ये सभी आधुनिक सुविधाएं एवं बेहतर शिक्षा का माहौल तैयार कर बच्चों को सुविधाएं दी जा रही हैं, जो सराहनीय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय कलवारी के सर्वांगणी विकास होने पर विद्यालय को आगरा ही नहीं बल्कि प्रदेश भर में मॉडल के रूप में विकसित होने की तरफ अग्रसर है। उन्होंने संस्था पदाधिकारियों से यह भी इच्छा जतायी कि उक्त विद्यालय की भांति ही जनपद आगरा के अन्य अच्छे विद्यालयों में भी सुविधाएं विकसित करने की ओर प्रयास किए जाएं। उनके द्वारा विद्यालय में स्थापित समस्त सुविधाओं के उचित रखरखाव की आवश्यकता बताते हुए जितेन्द्र कुमार गोंड, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आगरा व शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस दौरान रंजन गुप्ता खण्ड शिक्षा अधिकारी बिचपुरी, अरुण सिंह, खण्ड विकास अधिकारी, राहुल उपाध्याय, एडीओ पंचायत बिचपुरी, सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय डायरेक्टर प्रोग्राम, राजीव कुमार, सुरेश चन्द्र खिरवार प्र०अ० सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक / शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
