—-नरायच का सुमित नगर बना जंग का मैदान
——नगर निगम की कार्रवाई का जनता ने किया विरोध
आगरा। शहर के ट्रांस यमुना नरायच क्षेत्र स्थित सुमित नगर में सोमवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई भारी हंगामे और विरोध के बीच संपन्न हुई। नगर निगम का ध्वस्तीकरण दस्ता जैसे ही जोनल अधिकारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में सुमित नगर पहुंचा, स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख रामबाग पुलिस चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद ही कार्रवाई दोबारा शुरू हो सकी।
नगर निगम की टीम रोड और नालियों पर अवैध रूप से बनाए गए रैंप और अन्य स्थायी-अस्थायी निर्माण को तोड़ने के लिए सुबह सुमित नगर पहुंची थी। निगम ने पहले ही चिन्हांकन कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी जारी कर दी थी। बावजूद इसके जब लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो आज सोमवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने को बुलडोजर लेकर पहुंच गयी । नगर निगम ने जैसे ही कार्यवाही शुरू की लोगों ने इकट्ठा होकर नाराजगी जताते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
—-एक घंटे तक रुकी कार्रवाई—–
कार्रवाई की शुरुआत होते ही भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और निगम टीम का विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने टीम को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी जिसके चलते कार्रवाई एक घंटे तक ठप रही।
——पुलिस की मौजूदगी में फिर चला बुलडोजर—–
स्थिति गंभीर होते देख नगर निगम अधिकारियों ने रामबाग पुलिस चौकी से संपर्क किया। थोड़ी ही देर में पुलिस का अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा और मोर्चा संभाला। पुलिस की सुरक्षा में फिर से कार्रवाई शुरू हुई और रोड व नालियों पर बने सभी अतिक्रमण हटाए गए।
नगर आयुक्त का वर्जन ——-
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस संबंध में कहा है कि “शहर में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। पहले लोगों को चिन्हांकन के माध्यम से चेतावनी दी गई थी, बावजूद इसके निर्माण हटाया नहीं गया। ऐसे में निगम की कार्रवाई बिल्कुल नियमानुसार और आवश्यक थी। आगे भी शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएंगे।
