ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, आगरा पुलिस ने चार को दबोचा, दुबई तक फैले हैं तार

Crime

आगरा। साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई में आगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिकंदरा पुलिस, साइबर क्राइम थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह दुबई से संचालित नेटवर्क के जरिए देशभर में लोगों को निशाना बना रहा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खातों से अब तक 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की पुष्टि हुई है। इनके कब्जे से 2.16 लाख रुपये नकद, 78 एटीएम और डेबिट कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई बैंकों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप के जरिए लोगों को लालच देकर फंसाते थे। इसके बाद भोले-भाले लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते और उनसे चेकबुक, पासबुक व डेबिट कार्ड ले लिए जाते। ठगी की रकम इन्हीं खातों में मंगाई जाती थी।

रकम जमा होने के बाद आरोपी एटीएम से नकदी निकालते और अलग-अलग माध्यमों से पैसा दुबई में बैठे मास्टरमाइंड तक पहुंचाया जाता। सौदे के तहत 40 प्रतिशत हिस्सा गैंग के स्थानीय सदस्यों को मिलता था, जबकि 60 प्रतिशत फिरोजाबाद निवासी मोनू को जाता था, जिसे इस नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया गया है। फिलहाल मोनू फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि बरामद खातों से जुड़े मामलों में एनसीआरबी पोर्टल पर पहले से 31 साइबर अपराध दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा संचालन में भी शामिल थे और अवैध जुए का नेटवर्क चला रहे थे।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और दुबई कनेक्शन की गहराई से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *