——- 48.82 लाख के बकायेदारों पर चला निगम का चाबुक
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने गृहकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोहा मंडी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम की राजस्व टीम ने बकाया गृहकर जमा न करने वाले 29 बकायेदारों की संपत्तियों को सील कर दिया है। इन संपत्तियों पर कुल 48 लाख 82 हजार 411 रुपये का गृहकर बकाया है।
संबंधित बकायेदारों को पूर्व में कई बार नोटिस और वारंट जारी किए गए थे, इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा में गृहकर जमा नहीं कराया गया। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सीलिंग की प्रक्रिया को अंजाम दिया।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल द्वारा विगत दिनों ही राजस्व वसूली को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि वारंट जारी होने के बाद भी जो बकायेदार गृहकर जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कुर्की, बैंक खाता सीज और संपत्ति सील जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिदिन राजस्व वसूली की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लक्ष्य की प्राप्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य बकायेदारों में भी निगम की कार्रवाई को लेकर चेतावनी का माहौल बन गया है।
—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का बयान:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि नगर निगम का राजस्व शहर के विकास कार्यों की रीढ़ है। बार-बार नोटिस और वारंट जारी होने के बावजूद जो लोग गृहकर जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई भी बकायेदार नियमों से ऊपर नहीं है। राजस्व लक्ष्य को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए रोज़ाना समीक्षा की जा रही है।
