—– जाम की शिकायत पर नगर आयुक्त ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
आगरा।भगवान टॉकीज़ चौराहा और न्यू आगरा रोड पर लगातार लग रहे जाम की शिकायतें नगर निगम प्रशासन तक पहुंचते ही नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रवर्तन दल को तत्काल मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही निगम की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों व स्थानीय लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाया।
—-ठेला–फड़ और फुटपाथ कब्जा हटाया, कई काउंटर जब्त
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल ने जाम का मुख्य कारण बने ठेलों, फड़ वालों तथा फुटपाथों पर अवैध रूप से रखे दुकानदारों के काउंटर और सामान को हटवाया। लंबे समय से फुटपाथ और मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण कर व्यापार करने वालों को हिदायत दी गई कि आगे दोबारा ऐसी स्थिति बनने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
—-गंदगी फैलाने और अतिक्रमण पर वसूला जुर्माना
निगम प्रवर्तन दल ने अभियान के दौरान गंदगी फैलाने, सड़क पर अवैध रूप से दुकान सजाने और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए हजारों रुपये का जुर्माना वसूला। अचानक हुई इस कड़ी कार्यवाही से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा और कई लोग मौके से अपना सामान समेटते नजर आए।
### *राहगीरों ने जताया संतोष*
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने नगर निगम की इस तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि रोजाना लगने वाले जाम से उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। कार्रवाई के बाद सड़क पर यातायात सुचारू रूप से चलता दिखा।
—नगर आयुक्त का वर्जन
“शहर में यातायात बाधित करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भगवान टॉकीज़ और न्यू आगरा रोड पर जाम की शिकायत मिलते ही प्रवर्तन दल को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आगे भी इसी प्रकार नियमित अभियान चलाकर शहर को जाम और अवैध अतिक्रमण से मुक्त रखा जाएगा।”*
— अंकित खंडेलवाल, नगर आयुक्त, आगरा नगर निगम
