ईदगाह के पास खड़ी कबाड़ कार जब्त की गई
आगरा। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को खेरीया मोड़ से अमर होटल तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सुबह से दोपहर तक निर्बाध रूप से चले इस अभियान में प्रवर्तन दल ने सड़क और फुटपाथ पर फैले अवैध कब्जों को हटाते हुए सख़्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान निगम टीम ने दोनों ओर लगे ठेल-ढकेल, दुकानों के आगे बढ़ाए गए काउंटर, अवैध रूप से लगाए गए टिन शेड तथा अन्य निर्माण सामग्री को हटवा दिया। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोग जल्दबाजी में अपना सामान समेटने लगे। ईदगाह के पास सड़क किनारे कबाड़ अवस्था में लंबे समय से खड़ी एक कार को भी प्रवर्तन दल ने जब्त कर लिया। टीम के अनुसार यह वाहन सड़क पर अवरोध पैदा कर रहा था।
अभियान का नेतृत्व अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया। मौके पर नगर निगम की प्रवर्तन टीम, सफाई कर्मी और पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई सुचारु रूप से पूरी की जा सके। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया जिसे मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान भी यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
