“नेक बनो, एक बनो और हमेशा ज़रूरतमंदों की सेवा करते रहो, सच्चा सुख दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है”

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा । जब समाज में संवेदनशीलता और सेवा भाव जीवित रहता है, तभी मानवता सुरक्षित रहती है। आगरा के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र बजाजा में एक बार फिर ज़िंदादिली और परोपकार की मिसाल देखने को मिली। जहाँ बाग मुजफ्फर खां निवासी समाजसेवी दानदाता विनोद कुमार गोयल ने विद्युत मोक्ष धाम समिति को एक 10 किलोग्राम क्षमता वाला ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान स्वरूप भेंट किया।
यह जीवनरक्षक उपकरण भविष्य में आपात परिस्थितियों में ज़रूरतमंद और असहाय लोगों की सेवा के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इस पुनीत अवसर पर समिति के पूर्व अध्यक्ष ओम टंडन, उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग, महामंत्री राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल, प्रबंधक शिवकुमार गुप्ता, मनोज शर्मा, संजीव कुमार गुप्ता, श्याम भोजवानी, माता प्रसाद अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विनोद कुमार गोयल एवं उनकी धर्मपत्नी ने भावुक शब्दों में कहा, “नेक बनो, एक बनो और हमेशा ज़रूरतमंदों की सेवा करते रहो, सच्चा सुख दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है।” समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बजाजा क्षेत्र की पहचान केवल व्यापार से नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों से है। इस प्रकार के दान कार्य न केवल ज़रूरतमंदों की मदद करते हैं, बल्कि समाज के अन्य सक्षम लोगों को भी दान और सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे आगे आकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें, ताकि बजाजा क्षेत्र में आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की परंपरा निरंतर बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *