

— नगर निगम द्वारा तहरीर के बाद पुलिस ने शुरू की जांच, सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
आगरा। बल्केश्वर क्षेत्र में यमुना नदी से भैंसों को बाहर निकलवाने के दौरान हुए विवाद और पथराव के मामले में अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नगर निगम की ओर से तहरीर दिए जाने के बाद थाना कमलानगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।
गुरुवार को कमलानगर पुलिस चौकी के सब इंस्पेक्टर अमित सिंह ने नगर निगम प्रवर्तन दल के अधिकारियों के साथ मौके का मुआयना किया। इस दौरान निगम प्रवर्तन दल में तैनात कैप्टन जी.एस. चाहर और सूबेदार सुखवीर भी मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता ने बताया कि पथराव की घटना में घायल हुए वाहन चालक बंटी और हवलदार सुनील के बयान दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गत दिवस नगर निगम की टीम यमुना नदी से भैंसों को बाहर निकलवाने के लिए अभियान चला रही थी। kuchh व्यक्तियों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले में नगर निगम के कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल कर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि नदी क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध रूप से पशु खड़े करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी के तहत कार्रवाई की जा रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थल और नदी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। नगर निगम प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसे अभियानों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी, ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


