सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– मौजा चमरौली के गाटा संख्या 145 में 400 वर्ग मीटर तालाब भूमि मुक्त, मिट्टी खुदवाकर तालाब को खाली कराया

आगरा। शमसाबाद रोड स्थित चमरौली मौजा में सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे की कोशिश को नगर निगम प्रशासन ने सख्ती से विफल कर दिया। तालाब को मिट्टी से भरकर कब्जा करने के मंसूबों पर बुलडोजर चलाते हुए निगम की टीम ने न सिर्फ कब्जा ध्वस्त कराया, बल्कि डाली गई मिट्टी को भी खुदवाकर अन्य स्थानों पर गड्ढों में भरवा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण भी रही, हालांकि प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि चमरौली मौजा के गाटा संख्या 145 में स्थित सरकारी तालाब पर संजय अग्रवाल नामक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। आरोपी ने लगभग 400 वर्ग मीटर क्षेत्र में मिट्टी डालकर तालाब को पाटने की कोशिश की थी।
इस अवैध गतिविधि की जानकारी निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक वैभव यादव को मिली, जिन्होंने तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक नगर आयुक्त द्वारा रिपोर्ट तैयार कर नगर आयुक्त को भेजी गई, जिसके बाद कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।
आदेश मिलते ही राजस्व निरीक्षक वैभव यादव ने टास्क फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से तालाब पर डाली गई मिट्टी को हटवाया और कब्जे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।

नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि शहर में सरकारी भूमि, विशेषकर जल स्रोतों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तालाबों और सार्वजनिक संपत्तियों को संरक्षित करना नगर निगम की प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *