गृहकर जमा न कराने पर आठ संपत्तियों पर कुर्की नोटिस चस्पा

Press Release उत्तर प्रदेश

—– लोहामंडी जोन में 852 बकायेदारों को वारंट जारी, 52 संपत्तियां सील, चार खातों पर लगी रोक

आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा गृहकर बकायेदारों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। वारंट जारी करने और कुर्की नोटिस देने के साथ ही बकायेदारों के बैंक खातों को सीज करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में लोहामंडी जोन में शुक्रवार को आठ बकायेदारों की संपत्तियों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए। इन बकायेदारों पर गृहकर के रूप में लाखों रुपये की बकाया राशि है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से बकायेदारों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। कई लोग नोटिस चस्पा होने के बाद नगर निगम कार्यालय पहुंचकर बकाया कर जमा कराने की जानकारी लेने भी पहुंचे।
जोनल अधिकारी लोहामंडी सी.पी. सिंह ने बताया कि जोन में अब तक कुल 852 गृहकर बकायेदारों के खिलाफ कुर्की वारंट जारी किए जा चुके हैं। कार्रवाई के डर से करीब ढाई सौ बकायेदारों ने अपना बकाया कर जमा भी करा दिया है, लेकिन अभी भी लगभग 550 बकायेदार ऐसे हैं जिन्होंने अब तक हाउस टैक्स जमा नहीं कराया है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी ऐसे आठ बकायेदारों की संपत्तियों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए गए हैं। अब तक जोन में 52 संपत्तियों को सील किया जा चुका है, जबकि चार बकायेदारों के बैंक खातों को भी सीज कराया गया है। जोन को 28 करोड़ रुपये राजस्व वसूली लक्ष्य दिया गया है जबकि अब तक लगभग 11 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है।
सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि नगर निगम के राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए बकायेदारों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर गृहकर बकाया है, वे शीघ्र अपना कर जमा करा दें, अन्यथा उनके खिलाफ कुर्की, सीलिंग और बैंक खाता सीज जैसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर आयुक्त का वर्जन::::::

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि नगर निगम के राजस्व को बढ़ाने के लिए गृहकर वसूली अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिन लोगों ने अब तक अपना हाउस टैक्स जमा नहीं किया है, वे तत्काल बकाया जमा कर दें। अन्यथा नगर निगम प्रशासन उनके खिलाफ कुर्की, सीलिंग और खाता सीज जैसी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *