रेलवे पुल निर्माण आंदोलन का दूसरा दिन
आगरा, 21 अक्टूबर। मंजिल को अकेले ही चले थे, लोग जुड़ते गए और कारवां बनता गया। यह कहावत आज अर्जुन नगर आंदोलन को लेकर चरितार्थ हो रही है, जहां पुल बनाने को लेकर आंदोलन के लिए कुछ लोग चले थे लेकिन क्षेत्र में अपार जन समर्थन जुड़ रहा है जिससे आंदोलन वृहद रूप ले रहा है। आंदोलन के दूसरे दिन आज सांसद रामजीलाल सुमन, ममता टपलू सहित विभिन्न दलों के तमाम नेताओं ने आकर अपना समर्थन दिया !
बारह खंबा पर सड़क बनाने और पुल बनाने की मांग को लेकर चल रहे धरने के दूसरे दिन आज पर्याप्त जन समर्थन देखने को मिला। जहां किसान मजदूर नेता दिलीप सिंह चौधरी ने आकर अपना पूर्ण समर्थन दिया। समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं छावनी से विधानसभा प्रत्याशी रही ममता टपलू, व्यापारी नेता श्याम भोजवानी भी धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने धरना दे रहे लोगों को पूर्ण समर्थन देते हुए आंदोलन में हर तरह के सहयोग की बात कही ।
अपराह्न 3:00 बजे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन अपने लाव लश्कर के साथ अर्जुन नगर स्थित धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने क्षेत्र की समस्या पर गहरा दुख व्यक्त किया। वहीं जिलाधिकारी से मोबाइल पर हुई वार्ता कर क्षेत्र की समस्या और लोगों के आक्रोश की जानकारी जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी ने 23 को विधान परिषद चुनाव के बाद 24 अक्टूबर से सभी रुके कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया। सांसद सुमन ने क्षेत्रीय जनता को आश्वासन दिया कि वह इस क्षेत्र के लोगों के साथ खड़े हैं और हर समस्या के जल्द से जल्द निवारण के लिए प्रयत्नशील रहेंगे।
इससे पहले करीब 11:00 बजे विधायक जी एस धर्मेश मौका मुआयना करने आए थे लेकिन वह धरना स्थल पर नहीं पहुंचे जिससे लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त हो गया। कुछ लोगों द्वारा उन्हें रोक कर स्थिति की जानकारी मांगी तब उन्होंने बताया कि अभी जिलाधिकारी के यहां मीटिंग है, वहां पर जा रहे हैं वहां क्षेत्र की समस्या को उठाएंगे ।
धरना स्थल पर शाम के समय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के अधिकारियों के बुद्धि शुद्धि हेतु हवन यज्ञ किया गया। इस दौरान कामना की गई कि रेलवे – जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि की बुद्धि सही हो और क्षेत्र के विकास के लिए 12 खंबा रोड और रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द से जल्द हो। धरने में दिग्विजय सिंह, जितेन्द्र गांधी, सोम चौधरी, राजेश यादव, कन्हैया राय, राजेश चौधरी ,मनोज नोतनानी,मोहित, श्याम सुन्दर, संजय पाराशर ,जितेंद्र कुशवाहा, अमित कोहली ललित शर्मा , लल्लन शर्मा ,विकास अग्रवाल, दिनेश अरोरा, सुन्दर चेतवानी एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रहे।


