
मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक का आयोजन एवं विद्युत विभाग (परिचालन) द्वारा राजभाषा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया
आगरा। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा में आज मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान विद्युत विभाग (परिचालन) द्वारा राजभाषा प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसका उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। उक्त प्रदर्शनी में वर्ष भर हिंदी में किए गए कार्यों का अवलोकन प्रस्तुत किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा हिंदी में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।
इसके उपरांत राजभाषा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रनव कुमार एवं मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।राजभाषा बैठक का आयोजन मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी, वीरेंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया। बैठक में विभिन्न शाखाओं द्वारा निर्धारित अवधि में हिंदी में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा पाई गई कमियों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देशित किया कि आगामी बैठक तक मंडल के समस्त कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से शत-प्रतिशत हिंदी में किए जाएं।
बैठक के उपरांत अध्यक्ष द्वारा मंडल में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 02 अधिकारियों एवं 04 कर्मचारियों को “मंडल रेल प्रबंधक राजभाषा प्रोत्साहन पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। साथ ही मंडल स्तर पर आयोजित लेख (आर्टिकल) लेखन प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले 04 कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया।


