
जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न
आगरा.27.05.2026/आज जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम जिलाधिकारी महोदय ने विगत बैठक की अनुपालन आख्या तलब की, जिलाधिकारी ने गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर, आगरा से जुड़ी औद्योगिक इकाईयों को रास्ते में विद्युत लाइन से पेड़ों की टहनियों के संपर्क से विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं, लाइन ट्रिपिंग के सम्बन्ध में प्रकरण में कृत कार्यवाही के बारे में जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि इंसुलेटेड केबल हेतु 09 लाख 31 हजार 250 स्टीमेट तैयार कर मुख्यालय को प्रेषित किया गया है, जल्द ही धनराशि अवमुक्त होने ही कार्य सम्पादित किया जायेगा, जिलाधिकारी महोदय ने 20.03.2025 से प्रकरण लम्बित होने पर सम्बन्धित को कड़ी फटकार लगाई, तथा टालमटोल व कार्यवाही पूर्व में क्यों नहीं की गई के सम्बन्ध में सम्बन्धित से जवाब तलब किया, बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत के बिना बताये अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में द्वितीय प्रकरण फाउण्ड्री नगर स्थित भूमि (कार्यशाला) पर सैटेलाईट बस स्टेशन से बसों के संचालन के सम्बन्ध में रखा गया जिसमें क्षेत्रीय प्रबन्धक, राज्य सड़क परिवहन निगम, आगरा ने बताया कि फाउंड्री नगर, सैटेलाईट बस स्टेशन कार्य पूर्ण है जल्द ही मा. परिवहन मंत्री महोदय व क्षेत्रीय विधायक महोदय से समय प्राप्त कर लोकार्पण की कार्यवाही संपन्न की जाएगी, आरएम रोडवेज ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा उपरोक्त बस स्टेशन के बृहद स्तर पर विकसित करने हेतु 138 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया है, जिसके टेण्डर की कार्यवाही प्रगति पर है। सैटेलाईट बस स्टेशन का कार्य पूर्ण है,तथा बसों द्वारा अभी तक 09 हजार यात्रियों का उठान भी किया गया है।
बैठक में बताया गया कि एक जनपद एक उत्पाद/ओडीओपी के अन्तर्गत लेदर प्रोडक्ट व स्टोन/मार्बल हैण्डीक्राफ्ट शामिल है, उद्योग बन्धुओं की पहल पर आगरा की विशेष प्राचीन जरदोजी कार्य को भी शामिल करने हेतु उक्त कार्य में कितने कारीगर व ईकाइयां शामिल हैं, को शामिल करते हुए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया।
बैठक में सरदार बल्लभ भाई पटेल इम्पलाईमेन्ट एण्ड इण्डस्ट्रियल जोन की स्थापना से सम्बन्धित प्रकरण पर सम्बन्धित को भूमि चिन्हांकन करने, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूर्ण कर लिए गये हैं, तथा सीएम युवा उद्यमी योजना में 01 हजार लक्ष्य की और वृद्धि करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्योग बन्धुओं द्वारा प्रस्तुत किए गये विद्युत सम्बन्धी, साफ-सफाई, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत नालों की सफाई, आदि प्रकरणों पर सम्बन्धित को प्रभावी समयबद्ध कार्यवाही करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए गये।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 संदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेंद्र सिंह, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार,उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह व जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।


