—-10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहरों में उत्तर प्रदेश से सिर्फ आगरा चयनित
—– सवा सौ करोड़ की परियोजना में 100 करोड़ भारत सरकार और 25 करोड़ नगर निगम आगरा द्वारा वित्त पोषित होंगे
आगरा। उत्तर प्रदेश में 10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहरों में सिर्फ आगरा को इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए चुना गया है। जयपुर में आयोजित 12वें रीजनल ट्रिपल आर और सर्कुलर इकोनामी फोरम में आगरा स्मार्ट सिटी के लिए सिटीज 2.0 परियोजना के तहत महत्वपूर्ण समझौता हुआ। समझौते पर भारत सरकार की ओर से संयुक्त सचिव श्रीमती रूपा मिश्रा, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से श्रीमती रितु सुभाष अपर निदेशक , महापौर आगरा हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने हस्ताक्षर किए।
125 करोड रुपए की इस परियोजना में 100 करोड़ रुपए भारत सरकार और 25 करोड़ रुपए नगर निगम आगरा द्वारा वित्त पोषित होंगे। यह परियोजना हरित शहरी अवसंरचना, जलवायु अनुकूल योजनाओं, सतत कचरा प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देगी।
आगरा में इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत वैज्ञानिक कचरा निपटान, पुनर्चक्रण, ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर, नवीकरणीय ऊर्जा और वायु गुणवत्ता सुधार जैसे कार्य किए जाएंगे जिसमें शून्य अपशिष्ट मॉडल लागू करने पर जोर रहेगा।
सिटीज 2.0 भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की पहले जिसे एडीबी, के एफ डब्ल्यू, ए एफ डी और ई यू द्वारा वित्त पोषित किया जा रहा है यह समझौता आगरा के लिए शहरी विकास में एक ऐतिहासिक कदम है।
