Agra News: सरदार पटेल जयंती पर निकली एकता पदयात्रा, राष्ट्रभक्ति से सराबोर हुआ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र

स्थानीय समाचार

एकता यात्रा में शिरकत करते श्री मनकामेश्वर मंडल अध्यक्ष आदेश सिंघल व अन्य कार्यकर्ता

आगरा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह पर बुधवार को भाजपा दक्षिण विधानसभा द्वारा भव्य रन फॉर यूनिटी एवं एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं, एनसीसी कैडेट्स, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर वंदे मातरम और भारत माता की जय के जयकारों के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे।

भव्य शुरुआत, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

पदयात्रा का शुभारंभ नूरी दरवाजा स्थित भगत सिंह की प्रतिमा से हुआ, जहां मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया गया।

6 फीट ऊंची सरदार पटेल की विशेष झांकी, राष्ट्रगीतों से गूंजते बैंड-बाजों और तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं के उत्साह ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। लोग झांकी के साथ फोटो और सेल्फी लेते दिखाई दिए।

एनसीसी कैडेट्स ने बढ़ाया उत्साह

सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित कतारों में भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। उनकी देशभक्ति और जोश इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बनी रही।

‘एकीकृत भारत के निर्माता थे सरदार पटेल’ — योगेंद्र उपाध्याय

सभा में संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सरदार पटेल को “एकीकृत भारत का वास्तविक निर्माता” बताया। उन्होंने कहा कि पटेल ने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया।

उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सामूहिक शक्ति का प्रतीक है।

‘पटेल की एकता की सीख आज भी प्रेरणा’ — डिप्टी सीएम बृजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं। आज भाजपा उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश को मजबूती देने का कार्य कर रही है।
उन्होंने मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की प्रशंसा करते हुए कहा कि चोट के बावजूद उनका जोश और राष्ट्रसेवा की भावना कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है।

यह रहा पदयात्रा का मार्ग

नूरी दरवाजा भगत सिंह मूर्ति से शुरू होकर पदयात्रा पुरानी इमरजेंसी हॉस्पिटल रोड, व्यास मार्केट, घटिया रोड, विक्टोरिया इंटर कॉलेज, रघुनाथ टॉकीज तिराहा, खटीक पाड़ा, चारसू दरवाजा, कालीवाड़ी होते हुए पुनः नूरी दरवाजा पहुंची, जहां विशाल जनसभा के साथ इसका समापन हुआ।

व्यापार मंडल ने किया स्वागत

पदयात्रा में पहुंचे डिप्टी सीएम का व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल सहित कई व्यापारियों ने स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।

इनकी रही प्रमुख मौजूदगी

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, टीएन अग्रवाल, ओम प्रकाश सागर, डॉ. अलौकिक उपाध्याय, प्रमोद गुप्ता, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, देवेश पचौरी, धीरज जैन, आदेश सिंगल, दीपक खरे, ओम प्रताप सिंह, हेमंत भोजवानी, केके भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता दीपक खरे ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *