Agra News: आठ माह की गर्भवती महिला की मौत के मामले में पति और ससुर समेत तीन गिरफ्तार

Crime

आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, ससुर और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या का मामला बताया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका शबनम के भाई जकील अहमद ने 9 फरवरी 2026 को खंदौली थाने में तहरीर दी। उनका कहना है कि शबनम की शादी 10 नवंबर 2024 को सौरई गांव निवासी सलमान पुत्र छोटेखां से हुई थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद से अतिरिक्त दहेज को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करने लगा।

परिजनों का आरोप है कि शबनम के साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था। कई बार समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन स्थिति नहीं बदली। आरोप है कि 8 फरवरी 2026 को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने उसकी फांसी लगाकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। सूचना पर मायके पक्ष पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी।

मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने मु.अ.सं. 35/2026 के तहत बीएनएस की धारा 11(2), 85, 80(2), 61(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया। 10 फरवरी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इंटरचेंज के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में पति सलमान, ससुर छोटेखां और एक महिला शामिल है। पुलिस के अनुसार सलमान वर्तमान में खंदौली के पैंठेखेड़ा रोड स्थित सोन टेंट हाउस के पास रह रहा था। ससुर छोटेखां भी वहीं रह रहा था।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सिंह, महिला उपनिरीक्षक रोशनी राणा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *