Agra News: यमुना नदी पर प्रस्तावित बैराज अब मात्र एक कदम दूर, क्रूज चलाने का रास्ता साफ़, सासंद बघेल ने जल शक्ति मंत्री से मांगी अंतिम एनओसी

State's

आगरा। केंद्रीय राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल का कहना है कि शहर में यमुना नदी पर प्रस्तावित बैराज अब मात्र एक कदम दूर रह गया है। प्रो बघेल ने यह बात शुक्रवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल से भेंट के बाद कही। इस मुलाकात में उन्होंने यमुना नदी पर प्रस्तावित बैराज के लिए विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की। बघेल के साथ नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स आगरा के पदाधिकारी भी थे। केंद्रीय मंत्री पाटिल ने शीघ्रातिशीघ्र एनओसी जारी करने का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान प्रो बघेल ने पाटिल को बताया कि 317 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले यमुना बैराज की स्वीकृति पहले ही हो चुकी है, परंतु विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र आने बाकी थे। इस दिशा में निरंतर जारी प्रयासों से भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग, केंद्रीय जल आयोग, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, पर्यावरण प्रभाव निर्धारण प्राधिकरण, ताज ट्रिपेजियम जोन प्राधिकरण से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिल चुके हैं। नमामि गंगे प्राधिकरण (राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन) से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना बाकी है।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर पाटिल ने शीघ्र एन ओ सी जारी करने का आश्वासन देते हुए कहा कि रबर डैम के निर्माण से पूर्व सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग तथा नगर निगम ये सुनिश्चित करें कि यमुना नदी में गिरने वाले घरेलू सीवेज औद्योगिक सीवेज को शत-प्रतिशत शोधित करने हेतु आवश्यक उपाय किए जाएं तथा ठोस कचरा बंधन के कार्य को भी आगरा में प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए, जिससे जल की गुणवत्ता मानक के अनुसार हो सके। उत्तर प्रदेश जल निगम, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी शीघ्र ही इन पैरामीटर्स पर काम करना होगा। उन्होंने निदेशक राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को बुलाकर इस कार्यवाही को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

वार्ता के दौरान प्रो बघेल ने कहा कि यमुना नदी पर रबर चेक डैम बनने से आगरा के भू-गर्भ जल स्तर में बढ़ोत्तरी होगी तथा प्रदूषण भी दूर होगा। ताजमहल की संरचना इस तरह की है कि इसकी नींव में हमेशा पानी रहने की आवश्यकता होती है। डैम बनने से इसकी नींव पर मंडराते हुए खतरे भी दूर होंगे। बघेल ने कहा कि यमुना के दोनों किनारों को पी.पी. पी. मॉडल पर विकसित किये जाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सरकार से भी इस संबंध में बघेल जनप्रतिनिधि साथियों को साथ लेकर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से भेंट करेंगे।

यमुना लबालब भरी होगी तो सौंदर्य में चार चाँद लग जाएंगे

प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेशनल चैंबर के अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने कहा कि ताजमहल के पार्श्व में जब यमुना लबालब भरी होगी तो इसके सौंदर्य में भी चार चाँद लग जाएंगे। नदी में जब जल होगा, तो वाटर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा मिलेगा तथा विभिन्न प्रकार के सामुदायिक एवं मनोरंजक गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकेगा। प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय गोयल, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, रोटरी क्लब के दिगम्बर सिंह धाकरे और महेश सिंघल शामिल रहे।

यमुना में क्रूज चलने का रास्ता साफ !!

कुछ माह पूर्व प्रो.एस.पी. सिंह बघेल एक प्रतिनिधिमंडल के साथ कैबिनेट मंत्री पत्तन पोत परिवहन और जलमार्ग सर्वानंद सोनोवाल से यमुना में क्रूज चलाने के विषय में मिले थे। संबंधित मंत्रालय ने अपना सर्वेक्षण पूर्ण कर मंत्रालय को सकारात्मक रिपोर्ट प्रेषित कर दी है, जिससे कि यमुना में क्रूज चलने का रास्ता साफ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *