Agra News: तांत्रिक ने ‘साया’ बताकर किशोरी से की छेड़छाड़, तीन लाख की वसूली का आरोप

Crime

​आगरा। ताजनगरी में अंधविश्वास का फायदा उठाकर एक परिवार को बर्बाद करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के एक परिवार ने ‘संतोषी उर्फ भैरों बाबा’ नामक कथित तांत्रिक और उसके साथियों पर किशोरी से छेड़छाड़, अश्लील वीडियो बनाने और लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​दहशत फैलाकर जाल में फंसाया

पीड़ित परिवार के मुताबिक, यह घटना 20 दिसंबर 2025 को शुरू हुई। आरोपी तांत्रिक ने अमरपुरा स्थित भैरों मंदिर में परिवार के एक बुजुर्ग को बुलाया। वहां उसने अपनी एक महिला साथी के साथ मिलकर परिवार को डराया कि उनकी किशोरी पर “अनिष्ट का साया” है और वह “गर्भवती” है। इस झूठी बात से डराकर तांत्रिक ने पूरे परिवार को अपने मानसिक दबाव में ले लिया।

बंधक बनाकर अश्लीलता और वसूली

परिजनों का आरोप है कि तांत्रिक किशोरी को मंदिर के एक कमरे में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर बदनामी की धमकी दी गई और जबरन वीडियो भी बना लिया गया।

आरोप है कि ​परिवार को दो दिनों तक मंदिर परिसर में ही बंधक बनाकर रखा गया। अनहोनी का डर दिखाकर उनसे करीब 3 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। जब परिवार ने विरोध किया, तो खुद को ‘दरोगा’ बताने वाले एक व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जगदीशपुरा पुलिस ने मुख्य आरोपी संतोषी उर्फ भैरों बाबा, उसकी महिला सहयोगी और धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का बयान “पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *