Agra News: आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हुआ शमसाबाद, सुंदरकांड पाठ के साथ मातृशक्ति का सम्मान, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष और मेयर समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

Press Release

आगरा। भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के सम्मान और भक्ति भाव का सजीव उदाहरण शमसाबाद स्थित जीआर कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस परिसर में देखने को मिला। जिला पंचायत आगरा के तत्वावधान में यहां सुंदरकांड पाठ एवं मातृ वंदन स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा, संस्कार और सामाजिक सरोकार एक साथ नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान रहीं। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष हाथरस सीमा उपाध्याय, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा एवं ब्लॉक प्रमुख गिरजा देवी मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के बाद संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ। चौपाइयों और भजनों से पूरा परिसर श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ सहभागिता की।

मुख्य अतिथि डॉ. बबिता चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि मातृ सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा है। जब समाज नारी का सम्मान करता है, तभी सामाजिक संतुलन और नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है। ऐसे आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने बताया कि मातृ वंदन समारोह के अंतर्गत 1500 महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन मातृ सम्मान, सामाजिक संवेदनशीलता और महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रतीक है। जिला पंचायत महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि नारी सम्मान से ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। सुंदरकांड जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और सामूहिक मंगलकामनाओं के साथ हुआ। पूरे आयोजन में सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक चेतना और मातृशक्ति के सम्मान का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *