Agra News: नपुंसक पति की सच्चाई छिपाकर शादी, संतान के नाम पर जेठ से संबंध बनाने का दबाव; CA युवती की शिकायत पर एफआईआर

Crime

आगरा: नपुंसक पति की सच्चाई छिपाकर शादी कराने और संतान के नाम पर जेठ से संबंध बनाने का दबाव डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुग्राम की एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत चार्टर्ड अकाउंटेंट युवती ने अपने इंजीनियर पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की आपबीती सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।

पीड़िता शाहगंज क्षेत्र की निवासी है और वर्तमान में गुरुग्राम में कार्यरत है। उसने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 10 मई 2024 को षड्यंत्र के तहत उसकी शादी गुरुग्राम निवासी इंजीनियर सचिन मित्तल से कराई गई। शादी की पहली ही रात उसे पति के नपुंसक होने की जानकारी हो गई। जब उसने सवाल उठाए तो सास ने इलाज चलने और सब ठीक हो जाने का आश्वासन देकर उसे चुप करा दिया।

युवती का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि पति, सास-ससुर और जेठ को इस सच्चाई की पहले से जानकारी थी, जिसे जानबूझकर उससे छिपाया गया। विवाह के कुछ महीनों बाद ही ससुरालियों ने संतान उत्पत्ति के नाम पर उस पर जेठ आशीष से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और कई बार शारीरिक हिंसा भी झेलनी पड़ी।

पीड़िता के अनुसार नवंबर 2025 में, जब पति अमेरिका गया हुआ था, उसी दौरान जेठ ने जबरन उसके कमरे में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी उसे धमकाकर फरार हो गया। घटना की जानकारी पति को देने पर उसने भी परिवार का पक्ष लेते हुए चुप रहने और बदनामी की धमकी दी। आरोप है कि 29 नवंबर को पति, सास-ससुर और जेठ ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर पहुंचे रिश्तेदारों ने किसी तरह उसे बचाया और इलाज कराया।

इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत की। मामले में शाहगंज थाने में पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की कोशिश और दुष्कर्म के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला न सिर्फ एक महिला के साथ हुए अमानवीय व्यवहार को उजागर करता है, बल्कि समाज में आज भी मौजूद उस सोच पर सवाल खड़े करता है, जहां महिला की इच्छा, सम्मान और सुरक्षा को नजरअंदाज कर उसे संतान और परिवार की तथाकथित ‘इज्जत’ के नाम पर शोषण का शिकार बनाया जाता है।

साभार- मीडिया रिपोर्ट्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *