Agra News: महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा आकाश

स्थानीय समाचार

आगरा। आज महाशिवरात्रि पर्व पर ब्रह्म मुहूर्त से ही शिवालयों में बम-बम भोले और हर-हर महादेव की गूंज हो रही है। शहर के प्रमुख शिवालयों के अलावा बटेश्वर में ब्रह्मलाल के दर्शन और पूजा अर्चना करने के लिए भी भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। कांवड़ियों द्वारा भोले बाबा का गंगाजल से अभिषेक किया जा रहा है। छोटे से लेकर बड़े मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

आगरा के शिवालयों में सुबह से ही भक्तों का रेला

आगरा शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। कैलाश महादेव, बल्केश्वर महादेव, श्रीमनःकामेश्वर, रावली महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव के अलावा राजेश्वर मंदिर में ब्रह्म मूहूर्त से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सोरों और हरिद्वार से कांवड़ के रूप में गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़िये श्रद्धाभाव के साथ गंगाजल द्वारा महादेव का जलाभिषेक कर रहे थे। आम श्रद्धालु भी बेलपत्र, बेर और दूध अर्पित कर भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर रहे थे।

शिवालयों पर पुलिस की अच्छी व्यवस्था

इस बार पुलिस की ओर से सभी प्रमुख शिवालयों पर पहुंचने वाले भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखकर बहुत अच्छे इंतजाम किए गए हैं। पुलिस सभी प्रमुख शिवालयों के बाहर तैनात है। पुलिस एक बार में शिवालयों के अंदर भारी भीड़ एकत्रित नहीं होने दे रही। शिवालयों के अंदर एक निश्चित संख्या में भक्तों के पहुंचने के बाद अन्य श्रद्धालुओं को तब तक बाहर रोके रखा जा रहा है जब तक कि मंदिर में गये श्रद्धालु वापस न आ जाएं। पुलिस ने महाशिवरात्रि के मद्देनजर पहले ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर रखा है, इसलिए लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही।

बटेश्वर धाम में ब्रह्म मुहूर्त से उमड़ रहे श्रद्धालु

प्राचीन तीर्थ धाम बटेश्वरनाथ में तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। आगरा और आसपास के क्षेत्रों के अलावा मुरैना, भिंड, इटावा, फिरोजाबाद और शिकोहाबाद से बड़ी संख्या में बटेश्वर पहुंचे श्रद्धालु यमुना में डुबकी लगाकर ब्रह्मलाल मांदिर में पूजा अर्चना कर रहे हैं। बटेश्रनाथ मंदिर में कांवड़ियों द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। न केवल ब्रह्मलाल मंदिर अपितु यमुना किनारे के अन्य शिव मंदिरों में श्रद्धालु भोले बाबा का का जल और दूध से अभिषेक कर रहे थे।

बटेश्रनाथ पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। डीसीपी पूर्वी अतुल कुमार शर्मा खुद बटेश्वर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए थे।

फतेहपुरसीकरी क्षेत्र के मंदिरों में भी भारी भीड़

फतेहपुर सीकरी के शिव मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। महाशिवरात्रि के मौके पर सोंरो तथा हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्र में पहुंचे कांवड़ियों का ग्रामीणों ने स्वागत किया। कावड़ियों द्वारा महादेव मंदिरों में जलाभिषेक कर अपनी कांवड़ा यात्रा पूरी की। महादेव मंदिरों में नव विवाहित जोड़ों के अलावा वे परिवार भी पहुंच रहे थे जिनके परिवार में संतान के रूप में खुशियां आई हैं।

कांवड़ियों को आने-जाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया समेत सभी चौकी इंचार्ज और सब इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मंदिरों के आसपास नजर बनाए हुए थे। राष्ट्रीय राजमार्ग व विभिन्न सड़कों पर कांवड़ यात्रा के साथ यातायात भी सुचारू चलता रहा। कांवड़िये बम-बम भोले के जयकारे लगाते चल रहे थे।

-साभार सहित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *