Agra News: अब जीना नहीं चाहता, मन भर गया है…शास्त्रीपुरम में ऑयल मिल कारोबारी ने कार के अंदर खुद को मारी गोली, मौत से पहले परिवार को किया आखिरी फोन

Crime

आगरा: ताजनगरी के थाना सिकंदरा क्षेत्र अंतर्गत शास्त्रीपुरम कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ एक 34 वर्षीय ऑयल मिल कारोबारी, विश्वजीत ने अपनी कार के अंदर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटनाक्रम और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि शास्त्रीपुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के पास एक कार में गोली चलने की आवाज आई है। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब कार का शीशा तोड़कर देखा, तो विश्वजीत लहूलुहान हालत में अंदर पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तलाशी के दौरान कार से पुलिस को नौ हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद हुआ है।

​अंतिम कॉल और मानसिक तनाव

परिजनों के अनुसार, विश्वजीत शनिवार रात ‘ऑयल मिल’ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। घर से मात्र 300 मीटर की दूरी पर उन्होंने कार रोकी और अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या से ठीक पहले उन्होंने परिवार को फोन किया और कहा, “अब मैं जीना नहीं चाहता, मेरा मन भर गया है।”

पहले भी दो बार कर चुके थे प्रयास

विश्वजीत तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले हुए एक एक्सीडेंट के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे और उनका इलाज चल रहा था। इससे पहले भी वह दो बार आत्महत्या की कोशिश कर चुके थे एक बार दोमंजिला इमारत से कूदकर और दूसरी बार रेलवे ट्रैक पर जाकर। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *