Agra News: आईएमए का पुलिस-प्रशासन को चौबीस घंटे का अल्टीमेटम! डॉ बंसल के खिलाफ एफआईआर निरस्त कर कराई जाए उच्चस्तरीय जांच

Press Release

आगरा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की जिला शाखा की सोमवार को हुई बैठक में डॉ. अनुराग बंसल के विरुद्ध थाना सिकंदरा में दर्ज की गई प्राथमिकी की निंदा की गई। बैठक में एफआईआर निरस्त करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई। कहा गया कि यदि अगले 24 घंटों में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन जनरल बॉडी मीटिंग आहूत कर आगे की रणनीति तय करेगा।

बैठक में रोष व्यक्त करते हुए कहा गया कि डॉ अनुराग बंसल के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा चिकित्सकों के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई से पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है, जिसमें कहा गया है कि किसी भी चिकित्सक के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने से पूर्व विशेषज्ञ समिति द्वारा प्राथमिक चिकित्सकीय जांच अनिवार्य है। संबंधित चिकित्सक का पक्ष सुना जाना आवश्यक है। बिना प्रारंभिक जांच के सीधे प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकती।

बैठक में कहा गया कि जिस प्रक्रिया (FNAC) को आधार बनाकर यह एफआईआर दर्ज की गई, वह एक सामान्य, सुरक्षित एवं नियमित चिकित्सकीय प्रक्रिया है, जिसे निर्धारित मानक प्रोटोकॉल के अंतर्गत किया जाता है तथा पूर्व में विधिवत रोगी की सहमति भी ली गई थी। इस प्रक्रिया में अत्यंत सूक्ष्म सुई का प्रयोग होता है एवं इसमें किसी प्रकार के चीरा लगाने वाले उपकरण का उपयोग नहीं किया जाता।

इसके बावजूद इस पूरी प्रक्रिया को आपराधिक स्वरूप देना पूर्णतः अनुचित, अवैज्ञानिक तथा भ्रमित करने वाला है। ऐसी सामान्य चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के लिए भी डॉक्टरों को आपराधिक मामलों में फँसाया जाएगा, तो यह पूरे देश में चिकित्सकों की कार्य-सुरक्षा एवं मनोबल के लिए अत्यंत गंभीर विषय बन जाएगा। संगठन इस संपूर्ण घटनाक्रम को अत्यंत गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिकित्सा समुदाय की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला मानता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *