Agra News: ताजनगरी में बैडमिंटन क्वीन का जलवा; सायना नेहवाल ने लॉन्च की ‘Game On: India’s Sports Infra Story’, लेखकों की पहल को सराहा

SPORTS

आगरा। ताजनगरी में खेल जगत से जुड़ा एक खास पल तब देखने को मिला, जब ओलंपिक पदक विजेता और देश की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने आगरा में आयोजित ऑल इंडिया मास्टर्स रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट के दौरान खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर आधारित पुस्तक ‘Game On: India’s Sports Infra Story’ का विमोचन किया।

यह कार्यक्रम प्रखर बैडमिंटन एकेडमी, आगरा में आयोजित हुआ, जहां देशभर से आए मास्टर्स खिलाड़ियों की मौजूदगी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।

इस पुस्तक का लेखन विक्रम गुप्ता और विशाल गुप्ता ने किया है। किताब में भारत में खेलों के बुनियादी ढांचे के विकास, आधुनिक तकनीक और स्पोर्ट्स इन्फ्राटेक से जुड़े बदलावों को विस्तार से बताया गया है।

“यह सिर्फ स्टेडियम की कहानी नहीं, इन्फ्राटेक क्रांति का दस्तावेज”

पुस्तक विमोचन के दौरान लेखक विक्रम गुप्ता (MSG Sports Infratech) ने कहा कि यह किताब केवल स्टेडियम और सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत में खेलों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक के बदलते दौर को समझाने वाली एक महत्वपूर्ण दस्तावेज़ी कहानी है।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य सिर्फ ढांचा खड़ा करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं और तकनीक उपलब्ध कराना है, ताकि वे बेहतर तैयारी कर सकें।

सायना नेहवाल बोलीं: सही इंफ्रास्ट्रक्चर ही खिलाड़ियों की ताकत

सायना नेहवाल ने लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक का बड़ा योगदान होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक खेल जगत से जुड़े नीति-निर्माताओं, प्रशासकों, उद्यमियों और खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित होगी और खेल विकास की सोच को नई दिशा देगी।

यूपी खेल निदेशक बोले: खिलाड़ियों को देश में ही मिले इंटरनेशनल सुविधाएं

कार्यक्रम में मौजूद डॉ. आर. पी. सिंह (खेल निदेशक, उत्तर प्रदेश) ने कहा कि प्रदेश और देश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए ऐसी पहलें जरूरी हैं, ताकि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं अपने ही देश में मिल सकें।

कार्यक्रम में श्रीमती बीना लवानिया, राहुल पालीवाल, विनोद शीतलानी, महेश नौटियाल, प्रवीण अग्रवाल, लव अग्रवाल, संजय कालरा सहित बैडमिंटन एसोसिएशन आगरा के पदाधिकारी, खेल जगत की प्रमुख हस्तियां और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *