Agra News: आश्रम संचालक और महिला का सिकंदरा थाने में हंगामा, प्रभारी निरीक्षक ने जोड़े हाथ, हो रही सादगी की तारीफ

स्थानीय समाचार





आगरा: पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ द्वारा पुलिसकर्मियों को थाने आने वाले लोगों के प्रति अभिवादन और नरमी से पेश आने के निर्देशों का असर दिखने लगा है। थाना सिकंदरा में जमीन विवाद को लेकर पहुंचे कुछ लोगों के हंगामे और तीखे स्वरों के बावजूद प्रभारी निरीक्षक उनके हाथ जोड़ते नजर आए।

घटनाक्रम शनिवार का बताया जा रहा है। आरोप है कि जमीन विवाद में फंसे एक आश्रम संचालक और उनके साथ थाने पहुंची महिला ने पुलिस के समक्ष हंगामा किया। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज कुमार शर्मा हाथ जोड़ते नजर आ रहे हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता में आश्रम की जमीन का विवाद चल रहा है।

बताते हैं कि गांव अटूस निवासी पुरुषोत्तम के बेटे की मौत हो गई थी। उसने अपनी जमीन पर एक मंदिर बनाया और देखरेख के लिए फर्रुखाबाद निवासी बाबा आचार्य प्रगति यादव को रखा। पुरुषोत्तम का आरोप है कि आचार्य ने धोखे से उसकी सवा बीघा जमीन आश्रम के नाम दान करा ली। बाद में उस जगह पर उसका प्रवेश ही बंद कर दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों में मुकदमेबाजी और विवाद चल रहा है। बाबा की मां ने भी आकर उसके खिलाफ शिकायत की थी।

दूसरी ओर बाबा पक्ष अपने साथ अभद्रता का आरोप लगाता है। बाबा और उसके साथ एक महिला शनिवार को थाने आए। उन्होंने हंगामा करते हुए पुलिस पर आरोप लगाए। वीडियो भी बनाया। उन्होंने अपने साथ मारपीट का एक वीडियो दिखाया था, जिसके आधार पर दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई थी। आश्रम की महिला ने दूसरे पक्ष पर दो दिन पूर्व गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था।

बाबा और महिला थाने पर हंगामे के दौरान पुलिस पर आरोप लगा रहे थे कि वह दूसरे पक्ष का साथ दे रही है। इस मामले में इंस्पेक्टर नीरज कुमार शर्मा का कहना है कि पुलिस का जमीन के विवाद से कोई लेना-देना नहीं है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *