Agra News: क्षेत्र बजाजा इस साल 2526 अज्ञात व असहाय मृतकों की अस्थियों का करेगी विसर्जन

Press Release

आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी इस वर्ष 23 से 25 अगस्त तक 2526 अज्ञात व असहाय मृतकों के अस्थि फूलों का गंगा में विसर्जन करेगी। 1997 से लगातार यह अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अज्ञात मृतकों का दाह संस्कार कर उनकी अस्थियों को सुरक्षित रखा जाता है और हर तीन वर्ष बाद गंगा में विधिवत विसर्जन किया जाता है।

श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग और कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल आदि ने पत्रकारों को बताया कि 23 अगस्त (शनिवार) को सुबह 9 बजे विद्युत शवदाह परिसर स्थित सत्संग हॉल में गायत्री परिवार द्वारा हवन (यज्ञ) होगा। सायंकाल 4 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिसमें सामाजिक व महिला संगठनों की भागीदारी रहेगी।

24 अगस्त (रविवार) को कलशों में भरे अस्थि फूल मुक्ति रथ में सुसज्जित किए जाएंगे। शाम 4:30 बजे सत्संग हॉल में सर्वधर्म प्रार्थना सभा होगी, जिसमें विभिन्न धर्मों के गुरू आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करेंगे। पुलिस गारद सलामी की भी तैयारी है।

25 अगस्त को तड़के 4:30 बजे मुक्ति रथ विद्युत शवदाह गृह से सौरों स्थित हरगंगा के लिए रवाना होगा। रास्ते में विभिन्न बाजार कमेटियां व सामाजिक संगठन स्वागत करेंगे। दोपहर 12 बजे मानव श्रृंखला बनाकर गंगा में अस्थियों का विसर्जन होगा। इसके बाद गंगा स्नान, ब्राह्मण भोज और भंडारे का आयोजन होगा।

कमेटी का पहला अस्थि विसर्जन 1997 में हुआ था, जिसमें 502 मृतकों के अस्थि फूल विसर्जित किए गए। इसके बाद 2003, 2006, 2010, 2013, 2016, 2019 और 2022 में क्रमशः 1024, 800, 1501, 1500, 1411, 2080 व 3022 मृतकों के अस्थि फूल गंगा में प्रवाहित किए गए।

विद्युत शवदाह परिसर स्थित नवनिर्मित सत्संग हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग और कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल ने कहा कि कमेटी का मानना है कि कोई भी व्यक्ति अज्ञात पैदा नहीं होता, बल्कि परिस्थितियां उसे अज्ञात बना देती हैं। जब किसी मृतक की पहचान नहीं हो पाती, तब वह अज्ञात की श्रेणी में आ जाता है। इसलिए यह विसर्जन कार्यक्रम जाति और धर्म से ऊपर उठकर मानवता को समर्पित है।

संयोजक संजीव गुप्ता और मनोज शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा विस्तार से बताई। पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश गोयल, सुनील विकल और ओम टंडन ने भी कार्यक्रम की परंपरा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल, कृष्ण कुमार (बल्ले भाई), राजीव पोद्दार, कृष्ण कुमार अग्रवाल (गुड्डू भाई), विपिन जिंदल, संजय मित्तल, शिव कुमार गुप्ता, संजय बंसल, रितेश गोयल, संजीव गोयल, राधे गुप्ता और संजय गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

अस्थि विसर्जन यात्रा में शामिल होने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इच्छुक लोग 20 अगस्त तक निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं- 9412253783, 9897455660, 9411086331, 9458560279, 9837182698, 9319653279

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *