विश्व मृदा दिवस पर नगर निगम का व्यापक जागरूकता अभियान
आगरा। विश्व मृदा दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहरवासियों को जैविक खाद और पौधों के महत्व को समझाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीमों ने घर-घर जाकर चार टन से अधिक कम्पोस्ट वितरित किया। यह कम्पोस्ट निगम के वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट पर गीले कचरे और गौशाला के गोबर से तैयार की गई है। इसके अलावा यमुना के दशहरा घाट पर स्कूल के बच्चों ने स्वच्छता अभियान चलाते हुए पौधे रोपे।
नगर निगम की टीम के स्वच्छता मॉडल में रुचि दिखाई। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए खाली गमला दिखाने पर उसे मौके पर ही एक पौधा भेंट किया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को घरों में हरियाली बढ़ाने और जैविक खाद के उपयोग के प्रति प्रेरित करना था।
अभियान में नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर्स ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कम्पोस्ट के उपयोग, घरेलू कचरा प्रबंधन और पौधों की देखभाल के बारे में लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में एचसीएल फाउंडेशन और सीईई के स्वयंसेवकों ने भी सहयोग किया। स्वयंसेवकों ने टीमों के साथ जाकर वितरण में मदद की और नागरिकों को मृदा संरक्षण, गीले कचरे के पृथक्करण, तथा कम्पोस्टिंग की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय ने बताया कि ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि शहर में सतत कचरा प्रबंधन हरीतिमा और मिट्टी संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
