राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर चमका आगरा नगर निगम का सितारा, राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 में बेस्ट यूएलबी श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान, जल संरक्षण में पेश की मिसाल

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। जल संरक्षण और सतत प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे नवाचारपूर्ण कार्यों का एक बार फिर शानदार परिणाम सामने आया है। केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 में आगरा नगर निगम को ‘सर्वश्रेष्ठ नगरीय निकाय (बेस्ट यूएलबी)’ श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार केन्द्रीय मंत्री जलशक्ति सी आर पाटिल के हाथों प्राप्त किया।

यह उपलब्धि आगरा नगर निगम के लगातार प्रयासों और जल संरक्षण को लेकर अपनाई गई अभिनव रणनीतियों का परिणाम है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के नेतृत्व में जल प्रबंधन सुधार, ग्राउंड वॉटर रिचार्ज मॉडल, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा, और नागरिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण कदमों ने शहर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है।

नगर आयुक्त का बयान—–

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि “यह सम्मान आगरा के प्रत्येक नागरिक और टीम नगर निगम की मेहनत का परिणाम है। हमारा लक्ष्य केवल स्वच्छ आगरा बनाना नहीं बल्कि ऐसा शहर तैयार करना है जो जल के प्रति आत्मनिर्भर, जिम्मेदार और भविष्य के लिहाज से सुरक्षित हो।”

—–महापौरका बयान

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि
“राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान आगरा की सामूहिक भावना और नगर निगम की समर्पित टीम की सफलता है। हमने जल संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी वाला अभियान बनाया है। आगे भी हमारी कोशिश रहेगी कि आगरा जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में देश के सामने उदाहरण बने।”

पुरस्कार प्राप्ति के बाद निगम की टीम और शहरवासियों में उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल आगरा नगर निगम के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे देश के लिए यह संदेश भी देती है कि सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण को एक बड़े जन आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

—- लगातार लहरा रहा आगरा का परचम—-

नगर आयुक्त के कुशल निर्देशन में आगरा नगर निगम का लगातार परचम लहरा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में देश के टाप टेन शहरों में जगह बनाने के साथ ही प्रदेश में दूसरा मुकाम हासिल किया तो वहीं स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2024 में भी देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया । राष्ट्रीय जल पुरस्कार हासिल कर आगरा नगर निगम देश का पहला ऐसा नगर निगम बन गया है जिसे इतनी उपलब्धि हासिल हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *