आगरा। मंडल में पार्किंग ठेकों के माध्यम से यात्री सुविधाओं और रेल राजस्व में वृद्धि के उद्देश्य से मण्डल रेल प्रबंधक गगन गोयल के दिशा-निर्देश तथा वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के सतत मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में पार्किंग ठेकों के ई-ऑक्शन की प्रक्रिया निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 08.07.2026 को ई-ऑक्शन के माध्यम से ईदगाह स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 की ओर स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में मिक्स्ड पार्किंग (साइकिल, स्कूटर/मोटरसाइकिल एवं कार) का ठेका सफलतापूर्वक तीन वर्षों के लिए आवंटित किया गया।उक्त पार्किंग ठेके के अंतर्गत 840.40 वर्गमीटर क्षेत्र आवंटित किया गया है। इस ठेके से रेलवे को ₹12,00,000 प्रति वर्ष का वार्षिक लाइसेंस शुल्क प्राप्त होगा, जबकि तीन वर्षों की अवधि में कुल ₹42,48,000 का राजस्व अर्जित होगा।
इस पार्किंग सुविधा के संचालन से यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वाहन पार्किंग उपलब्ध होगी। साथ ही स्टेशन परिसर में पार्किंग व्यवस्था और अधिक सुव्यवस्थित होगी तथा आगरा मंडल के गैर-किराया राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि आगरा मंडल द्वारा पार्किंग सुविधाओं के ठेकों के समयबद्ध आवंटन, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेल राजस्व सृजन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


