—- सफाई, नाला सफाई और पैचवर्क समय से पूरा करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
आगरा। शहर के राजामंडी और गोकुल पुरा क्षेत्र में लगने वाले गणगौर मेले को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने क्षेत्रीय पार्षद के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के आयोजन से पूर्व पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान जलभराव या गंदगी की समस्या न उत्पन्न हो। इसके साथ ही उन्होंने सड़कों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक स्थानों पर पैचवर्क कराने के निर्देश दिए, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सड़क किनारे लगे बिजली के पोलों पर बेतरतीब ढंग से लटक रहे तारों को भी व्यवस्थित कराने के लिए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं समय से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद ने भी स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर अपर नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि गणगौर मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।


