आगरा में भक्ति का अनूठा समागम: 70 जोड़ों ने किया सामूहिक एकादशी उद्यापन, वैदिक मंत्रों से गूँजा बलकेश्वर

Press Release

आगरा। हरि बोल ट्रस्ट, आगरा के तत्वावधान में एकलव्य वाटिका, मनोहरपुर (बलकेश्वर रोड) पर चल रहे तीन दिवसीय सामूहिक एकादशी उद्यापन एवं सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह के दूसरे दिन गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए 70 दंपतियों ने वैदिक विधि-विधान से हवन-पूजन कर सामूहिक एकादशी उद्यापन संपन्न किया। पूरे आयोजन स्थल पर मंत्रोच्चार, भक्ति गीत और आरती की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर आयोजन का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रातः 8 बजे देव पूजन हुआ और 9 बजे से विद्वान आचार्यों द्वारा एकादशी कथा का श्रवण कराया गया। कथा उपरांत 11 बजे सभी जोड़ों और ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सामूहिक आरती की। दोपहर 12 बजे ब्राह्मण भोज एवं फलाहार कराया गया, जबकि 2 बजे देव विसर्जन के साथ दिन के कार्यक्रम का समापन हुआ।

हरि बोल ट्रस्ट की संस्थापिका ममता सिंघल ने बताया कि शुक्रवार 30 जनवरी को आयोजन का मुख्य दिन होगा, जब 11 जोड़ों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह 8 बजे हवन-पूजन, 9 बजे पूजन एवं आरती, 11 बजे ब्राह्मण भोज और दोपहर 1 बजे अतिथि भोज आयोजित होगा। इस अवसर पर एकादशी उद्यापन में भाग लेने वाले 70 जोड़ों ने भी विधिवत हवन-पूजन किया।

ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र गोयल ने जानकारी दी कि शुक्रवार को बलकेश्वर महादेव मंदिर से 11 दूल्हों की भव्य बारात गाजे-बाजों के साथ निकाली जाएगी, जो एकलव्य वाटिका पहुंचेगी। दोपहर 1 बजे वरमाला, 3 बजे प्रीतिभोज और शाम 5 बजे बेटियों की विदाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, सेवा और संस्कार का जीवंत उदाहरण है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली। आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, महिला मंडल और स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे परिसर में उल्लास, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *