

आगरा। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सरल, त्वरित एवं पारदर्शी टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर आधुनिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल के अंतर्गत स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
आगरा मंडल के अंतर्गत कुल 09 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित की गई हैं। इनमें आगरा छावनी – 07,मथुरा जं० – 09,आगरा किला – 06,राजा की मंडी – 04,धौलपुर – 02,ईदगाह – 02,कोसी कलाँ – 02,भूतेश्वर – 02,खेरली – 02 शामिल हैं। इन स्टेशनों का चयन यात्रियों की अधिक संख्या, क्षेत्रीय महत्व तथा परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इस सुविधा का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
उक्त स्टेशनों पर यात्रियों को एटीवीएम के उपयोग हेतु मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए एटीवीएम फैसिलिटेटरों की भी तैनाती की गई है। फैसिलिटेटरों की उपलब्धता से यात्रियों को टिकट क्रय प्रक्रिया में सरलता, गति एवं सुविधा प्राप्त होगी। इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी, प्रतीक्षा समय घटेगा तथा स्टेशन की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनेगी।
इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों एवं डिजिटल तकनीक से कम परिचित यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें मशीन के उपयोग में प्रत्यक्ष सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
आगरा मंडल यात्रियों की सुविधा, सेवा गुणवत्ता में सुधार, आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग तथा रेलवे सेवाओं को और अधिक यात्री-अनुकूल बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी आगरा मंडल द्वारा इस प्रकार की जनहितैषी, तकनीक-आधारित एवं नवोन्मेषी पहलों को आगे बढ़ाया जाता रहेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं संतोषजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।
