
निगम ने तुरंत बैरीकेडिंग कर गड्ढा भराई का कार्य शुरू कराया
रातभर जारी रहा गड्ढा भरने का कार्य , पुराना कुआं होने की आशंका
आगरा। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-4 में पुलिस चौकी के पास बुधवार देर रात अचानक जमीन धंसने से लगभग तीस फुट गहरा गड्ढा बन गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन की टीम हरकत में आई और तत्काल मौके पर पहुंचकर गड्ढे के चारों ओर बैरीकेडिंग करा दी। देर रात ही भराई का कार्य शुरू करा दिया गया ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके।
जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व नगर निगम प्रशासन को स्थानीय लोगों ने सूचित किया था कि सेक्टर-4 में पुलिस चौकी के निकट फुटपाथ धंस रहा है। नीचे पाइपलाइन लीकेज की आशंका को देखते हुए नगर निगम और जलकल विभाग की टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया था। हालांकि, उस दौरान किसी प्रकार की लीकेज नहीं पाई गई थी। बुधवार रात अचानक जमीन बैठ गई और लगभग तीस फुट गहरा तथा कई मीटर चौड़ा गड्ढा बन गया।
हादसे की संभावना को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने तत्काल मौके पर जेसीबी मशीनें और ट्रकों से मलबा भिजवाया। देर रात से ही भराई का कार्य शुरू कर दिया गया। गुरुवार शाम तक करीब 60 टिपर ट्रक मलबा गड्ढे में डलवाया जा चुका था। अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार के अनुसार रात तक गड्ढे को पूरी तरह से भरने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त स्थान पर पुराना कुआं होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। गड्ढे में पास ही खड़ा पेड़ भी समा गया। गड्ढे के आसपास सुरक्षा के लिहाज से चेतावनी बोर्ड भी लगवा दिए गए हैं ।
—— नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि मामले की पूरी जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक रूप से यह घटना पुराने भू-धंसाव या किसी बंद जलस्त्रोत के कारण प्रतीत हो रही है। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगम की टीम ने तत्काल स्थल को सुरक्षित किया और भराई का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि आसपास की जमीन का जियो-टेक्निकल निरीक्षण भी कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।


