तहसील किरावली में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ सम्पन्न
तहसील दिवस के दौरान कुल 150 शिकायतें हुई प्राप्त, 15 शिकायतों का मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा कराया गया निस्तारण।
आगरा.21/11/2026/आज तहसील किरावली में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी महोदय ने फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए। जिलाधिकारी महोदय ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के साथ-साथ सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से संपर्क करें तथा उनसे वार्ता कर शिकायत को निस्तारण कराना सुनिश्चित करें, साथ ही स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण होने के बाद शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, जिससे उनको भी निस्तारण स्थिति का पता चल सके और निस्तारण आख्या में सम्पूर्ण घटनाक्रम को अंकित करते हुए पोर्टल पर अपलोड की जाए।
समाधान दिवस में कमल सिंह निवासी गांव नगला मंशा द्वारा श्मशान भूमि की पैमाइश लंबित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी महोदय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित लेखपाल को कड़ी फटकार लगाई और राजस्व टीम को मौके पर जाकर पैमाइश करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में पुष्पेंद्र कुमार पुत्र हरिशंकर शर्मा एवं कृष्णमुरारी पुत्र मिश्रीलाल द्वारा चकमार्ग पर अवैध अतिक्रमण की लगातार शिकायत के बावजूद शिकायत का निस्तारण नहीं होने पर जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को तलब करते हुए बीडीओ अछनेरा, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी अछनेरा सहित राजस्व टीम को मौके पर जाकर चकमार्ग पर अवैध अतिक्रमण को हटाकर मिट्टी भराई का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मुआवजा, चक रोड पर अवैध कब्जा, भूमि पैमाइश, पड़ोसी द्वारा खेत की मेड़ काटने, पेंशन सहित अन्य मामलों से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तलब कर शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 150 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा तत्काल निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों में मुख्यतः विद्युत, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, चकरोड निर्माण/अतिक्रमण, नाली निर्माण, अवैध अतिक्रमण आदि से सम्बन्धित थीं, जो कि 80 राजस्व विभाग, 10 पुलिस विभाग/राजस्व विभाग, 02 चकबंदी विभाग, 15 पुलिस विभाग, 10 विकास विभाग, 03 विद्युत विभाग तथा 30 अन्य से सम्बंधित शिकायतें प्राप्त हुई।
संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) आजाद भगत सिंह, उप जिलाधिकारी सौम्य मिश्रा, एसीपी शैलेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार वंदना, ऋषभ दुबे, उपनिदेशक कृषि मुकेश कुमार, डीडी पीआरडीए रेणु कुमारी, सीएमओ डॉ अरुण श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी श्री आनंद कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी श्री विनोद कुमार, एमओआईसी डॉ राघवेंद्र सिंह, डॉ राजकमल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।


