नगर आयुक्त ने दी शुभकामनाएं, स्वच्छता के प्रति सजग रहने की अपील
आगरा। पांच दिन तक चलने वाला दीपों का त्योहार पंचोत्सव शुरू हो गया है। शहर भर में रोशनी और उल्लास का माहौल है, लेकिन इस खुशी के बीच नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि “दीपोत्सव पर खुशियां मनाएं, लेकिन प्रदूषण मुक्त और स्वच्छता के साथ।” उन्होंने विशेष रूप से नागरिकों से अनुरोध किया है कि पटाखों के चलाने के बाद उत्पन्न होने वाले कचरे को सड़कों या सार्वजनिक स्थलों पर न फेंकें, बल्कि उसे नगर निगम के कचरा कलेक्शन वाहनों को ही दें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके। कहा कि दीपावली जैसे त्योहार पर हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने घर और आस-पास की सफाई रखें, जिससे स्वच्छ आगरा, सुंदर आगरा” का संकल्प साकार हो सके। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपील की है कि वे त्योहार की खुशी के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और तत्पर रहें। बताया कि दीपावली के अगले दिन विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि पटाखों और पूजा सामग्री से उत्पन्न कचरे को जल्द निस्तारित किया जा सके। निगम की टीमें रातभर सक्रिय रहेंगी ताकि शहर की सड़कों पर गंदगी न फैले और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिले।


